मुबारकपुर। दो माह से पीलिया के प्रकोप से ग्रसित मुबारकपुर कस्बे की स्थिति अब भी नारकीय ही बनी हुई है। नपा प्रशासन के सारे दावे हवाहवाई साबित हो रहे है। जगह-जगह खुले नाले जहां हादसों को दावत दे रहे हैं तो वहीं उससे उठ रही दुर्गंध से भी लोग परेशान है। इतना ही नहीं कई स्थानों पर पूर्व में बने नालों की दीवारे ढह गई है, जिससे सड़क भी खराब हो रहा है, लेकिन नपा प्रशासन उसे ठीक नहीं करा रहा है।
नगर पालिका परिषद मुबारकपुर क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप 11 जनवरी से शुरू हुआ था। सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र के रुप में कस्बे का पूरारानी मुहल्ला था। आज भी इस मुहल्ले से इक्का-दुक्का पीलिया रोगी सामने आ रहे है, इसके बाद भी नपा प्रशासन इस वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं करा सका है। कहने को तो इस वार्ड की पेयजल पाइप लाइन ही बदली जा रही है, लेकिन डेढ़ महीने से काम चल रहा है और अब तक नई पाइप लाइन से सप्लाई शुरू नहीं की जा सकी है। इतना ही नहीं स्वास्थ्य महकमे के निर्देश के बाद नपा प्रशासन ने इस क्षेत्र से होकर गुजरे नालों की सफाई का अभियान शुरू किया था। इसके तहत जगह-जगह नाली पर लगी पटियों को उखाड़ दिया गया था और कुछ जगहों पर नाले की सफाई भी हुई लेकिन अब भी नाले कई जगहों पर खोल पर छोड़ दिए गए हैं। सफाई न होने और पटिया न रखी जाने के चलते नाले से उठ रही दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इतना ही नहीं सबसे बड़ी समस्या तो यह हो गई है कि ये नाले मुख्य गली के बीच से होकर गुजरे है, जिस पर से प्रति दिन लोगों का आना जाना होता है। नाले खुले होने से हमेशा ही हादसों की आशंका भी बनी रहती है। वहीं पुरा खिरिज मुहल्ले में बने नाले कई जगह से टूट गए हैं। इससे सड़क भी खराब हो रही है। शिकायत के बाद भी नपा प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।