आजमगढ़। ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी समन्वय समिति की बैठक शनिवार को विकास भवन के सामने हुई। जिसमें लेट्स डू पॉजिटिव टीम द्वारा ग्राम प्रधानों और सचिवों के साथ की जा ही अभद्रता की निंदा की गई और बैठक के बाद मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की गई। कूबा खास ग्राम पंचायत के सचिव ने बताया कि एलडीपी टीम द्वारा प्रधान और सचिव के साथ गाली-गलौज की गई। जबकि ग्राम पंचायत में लगातार तीन दिन से अनवरत शौचालय का निर्माण कराया जा रहा था। टीम के इस कृत्य की बैठक में निंदा की गई। समन्वय समिति के अध्यक्ष शांति शरण सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा इस टीम का गठन लोगों के बीच जागरूकता लाने और शौचालय निर्माण में तेजी लाने के लिए किया गया था। लेकिन आजकल टीम द्वारा गांवों में जाकर ग्राम प्रधान और सचिवों की बेइज्जती की जा रही है। जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत सचिव छह माह से लगातार कार्यस्थल पर रहकर कार्य कर रहे हैं और आजमगढ़ को 75वें स्थान से 44वें स्थान पर लाने का कार्य हम कर्मचारियों द्वारा किया गया। जिसके चलते जनपद ओडीएफ घोषित हो सका। अब इस टीम की कोई आवश्यकता नहीं है। कार्यकारी अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद राय ने कहा कि हमारे सचिव 18-18 घंटे ग्राम पंचायतों में रहकर शौचालय बना रहा है। बैंक का भी अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। ऐसी परिस्थिति में यदि हमें उत्पीड़ित किया जाएगा तो अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के समन्वय समिति का प्रतिनिधि मंडल मुख्य विकास अधिकारी डीएस उपाध्याय से मिला। उनकी बातों को सुनने के बाद सीडीओ ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रधान संघ के मंडलीय उपाध्यक्ष बच्चा सिंह, सुनील सिंह सहित समस्त विकास खंडों के ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी उपस्थित थे। संचालन मंत्री रमेश शुक्ला ने किया।