आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा लगातार की जा रही है। समीक्षा के दौरान उन्होंने शौचालय निर्माण में कम प्रगति मिलने पर तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टी जारी करने का निर्देश दिया। जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि ओडीएफ प्रगति की समीक्षा में पाया गया कि अजमतगढ़ विकास खंड के ग्राम पंचायत अधिकारी अंगद चौहान की ग्राम पंचायत महावतगढ़ में 589 शौचालयों के निर्माण के धनराशि अवमुक्त की गई थी। जिसके सापेक्ष इनके द्वारा मात्र 89 शौचालयों का निर्माण हुआ मिला। इसी तरह से अजमतगढ़ विकास खंड के ही ग्राम पंचायत अधिकारी श्रीराम और जयनाथ की ग्राम पंचायतों में शौचालयों के निर्माण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने तीनों को प्रतिकूल प्रविष्टी देने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में आज इन्हें प्रतिकूल प्रविष्टी जारी करते हुए समय सीमा के अंदर शेष शौचालयों का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। अगर इनके द्वारा समय सीमा के अंदर शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं कराया जाता है तो इनके खिलाफ कार्रवाई तय है।