आजमगढ़। स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों की उपस्थिति और सुविधाओं की जानकारी को लेकर सीएमएओ डॉ. रवींद्र कुमार ने बुधवार को पीएचसी मेंहनगर और अतिरिक्त पीएचसी देवईत का निरीक्षण किया। इस दौरान एक डॉक्टर 28 मई से अनुपस्थित पाये गये, जिनका वेतन रोकने का सीएमओ ने निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने पीएचसी मेंहनगर पर जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत कुछ मरीजों का भुगतान आधार कार्ड लिंक न होने से रुका पाया। वहीं होम्योपैथी चिकित्सक द्वारा दवाओं की अनुपलब्धता की जानकारी देने पर तत्काल अपने विभाग से दवा मंगाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त मिली। सीएमओ जब अतिरिक्त पीएचसी देवईत पहुंचे तो वहां तैनात डॉ. अभय चतुर्वेदी अनुपस्थित मिले। पूछने पर जानकारी हुई कि वे अक्सर ही बिना किसी सूचना के गायब रहते है। इस पर उन्होंने डॉ. अभय का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था आदि ठीक पायी गई। सीएमओ डॉ. रवींद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मरीजों को अवश्य मिलना चाहिए। इसमें जो भी कोताही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।