अहरौला। भ्रष्टाचार सहित 16 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग और त्रिलोकीनाथ के नेतृत्व में जुलूस निकाला। ब्लाक कार्यालय में पहुंच राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार विराग पांडेय को सौंपा।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग व जिला पंचायत सदस्य त्रिलोकीनाथ के नेतृत्व में चांदनी चौक स्थित पार्टी कार्यालय से सुबह दस बजे से भ्रष्टाचार के विरोध में रैली निकाली गई। रैली पकड़ी, मतलूबपुर, अहरौला होते हुए पक्खनपुर स्थित ब्लाक कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी की और ब्लाक परिसर में धरने पर बैठ गए। दोपहर लगभग ढाई बजे धरना स्थल पहुंचे नायब तहसीलदार विराग पांडेय को 16 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष इम्तेयाज बेग ने कहा कि ब्लाक द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच कराई जाए। ग्राम सभावार दिए जा रहे प्रधानमंत्री आवास पात्रों को नहीं मिल रहा है। गन्ना मूल्य 450 रुपये कुंतल किया जाए, किसानों, मजदूरों को जीवन यापन के लिए दस हजार पेंशन, किसानों के सभी कर्ज माफ किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि हमारी मांगे पूरी नहीं होती हैं तो वृहद आंदोलन को बाध्य होंगे। इस अवसर पर रामाज्ञा यादव, रामकेवल, हरिप्रसाद, विश्राम, भीम, हीरा, बलजोर, श्रीराम, सैफुल्लाह, जहरूद्दीन आदि मौजूद थे।