एसडीएम का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य कर्मी नदारद
अमर उजाला ब्यूरो
अतरौलिया। क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार को एसडीएम बूढ़नपुर इंद्रभान तिवारी और नायब तहसीलदार विराग पांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जा धमके। इस निरीक्षण से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया।
शनिवार को एसडीएम बूढ़नपुर और नायब तहसीलदार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर का निरीक्षण किया। सुबह 10.30 बजे स्वास्थ्य केंद्र की इमरजेंसी में एक चिकित्सक को छोड़कर कोई भी कर्मी मौजूद नहीं था। स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई नहीं की गई थी। गंदगी देख एसडीएम भड़क गए। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद चिकित्सक को फटकार लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति नहीं सुधरी तो कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।