विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में अभी तक सात सौ संवेदनशील बूथ चिह्नित किए गए, जहां कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न कराया जाएगा। एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है। इतनी ही पैरामिलिट्री फोर्स की और मांग की गई है। बूथों पर पैरामिलिट्री के जवान तैनात रहेंगे जो प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखेंगे। ये जानकारी जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी सुहास एलवाई ने बुधवार को नए कलेक्ट्रेट भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि जिले के कुल 10 विधानसभा क्षेत्रों में एक लाख 24 हजार नए मतदाता बढ़े हैं। इनमें एक लाख नए वोटरों का मतदाता पहचानपत्र प्राप्त हो गया है। इसका वितरण किया जा रहा है। 24 हजार वोटर आईडी एक दो दिन में मिल जाएंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से कई मोबाइल एप बनाए गए हैं जिनके जरिये मतदाता बूथ एवं वोटर लिस्ट में अपने नाम की जानकारी ले सकते हैं। आम जनता एवं राजनीतिक दलों के लिए समाधान एवं सुविधा ऐप की व्यवस्था है। समाधान में अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
सुविधा एप के जरिये राजनीतिक दल सभा, जुलूस आदि की अनुमति ले सकते हैं। ईवीएम पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है। पहली बार दो विधान सभा क्षेत्रों सदर एवं मुबारकपुर में वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे मतदान का प्रिंट निकाला जा सकता है। सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए 16 से 17 हजार मतदानकर्मी लगाए गए हैं। एक कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स आ गई है और एक कंपनी फोर्स की और मांग की गई है। जनपद में 3461 बूथ है एवं 2200 पोलिंग सेंटर बनाये गए हैं।
उन्होने कहा कि 400 बूथों पर वेबकास्टिंग, 400 से 500 बूथों पर वीडियोग्राफी एवं माइक्रो आब्जर्वर लगाये जाएंगे। अभी तक 700 संवेदनशील बूथ चिह्नित किए गए हैं जहां वेबकास्टिंग कराई जाएगी। एक सवाल के जवाब में बताया कि 90 हजार से ज्यादा होर्डिंग, बैनर, पोस्टर हटाए गए हैंऔर 36 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह भी कहा कि अगर कहीं आदर्श आचार संहिता का उल्लघंन हो रहा है हो इसकी जानकारी दें, कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक तक 75 प्रतिशत असलहे जमा कराए गए हैं। जिन्हें सही मायने में खतरा होगा, उसका असलहा नहीं जमा कराया जाएगा। 8000 से 9000 लीटर अवैध शराब चेकिंग के दौरान पकड़ी गयी। मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीपी सिंह, डीडीसी ऋतु सुहास उपस्थित थीं।