दीवानी बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर नामांकन का कार्य बृहस्पतिवार से शुरू होगा। इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए 22 पदों पर कुल 68 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है। वहीं बुधवार को दीवानी परिसर में लगे प्रत्याशियों को बैनर और पोस्टर को हटवाया गया।
दीवानी बार एसोसिएशन चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगी। नामांकन से पहले मंगलवार को चुनाव अधिकारी बृजेश कुमार सिंह एडवोकेट ने अपने दीवानी परिसर में लगे सभी प्रत्याशियों के पोस्टर बैनर उतरवाए। बृजेश कुमार सिंह ने सभी प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने के हिदायत दी। नामांकन पांच तथा छह दिसंबर को होगा।
अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे अनिल कुमार सिंह और प्रभाकर सिंह बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। अध्यक्ष मंत्री समेत 22 पदों के लिए कल 68 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा है। उम्मीद है कि ज्यादातर प्रत्याशी बृहस्पतिवार को ही नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस चुनाव में कुल 1984 अधिवक्ता 19 दिसंबर को अपने नए पदाधिकारी का चुनाव करेंगे।
चुनावी प्रक्रिया शुरू होते हैं दीवानी न्यायालय परिसर में राजनीति का माहौल गर्म हो गया है चुनावी मठाधीशों ने गुणाभाग लगाना शुरू कर दिया है। सभी प्रत्याशी अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।