पंचायत चुनाव के चौथे चरण के मतदान में पल्हना ब्लाक के चकसहदरिया गांव में शुक्रवार पुनर्मतदान में 65.28 प्रतिशत वोटिंग हुई। बैलेट बॉक्स में पानी डाल देने से आयोग ने पुन: मतदान की घोषणा की थी। 651 वोटरों में 425 लोगों ने वोटिंग की। इस बार बाएं हाथ की तर्जनी पर स्याही लगाई गई।
वोटिंग समाप्त होने के बाद भारी सुरक्षा के बीच बैलेट बॉक्स स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। बता दें कि पल्हना ब्लॉक के चकसहदरिया गांव में प्रधानी के चुनाव में कुल तीन प्रत्याशी शिवपूजन यादव, चंद्रबोश राजभर और हामिद हैं।
नौ दिसंबर को चौथे चरण के मतदान के समय यहां वोटिंग हो रही थी लेकिन दोपहर करीब दो बजे के आसपास उम्मीदवार शिवपूजन यादव अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते हुए बैलेट बॉक्स में पानी डाल दिया।
इससे डीएम ने यहां की वोटिंग निरस्त करते हुए दोबारा 11 दिसंबर को मतदान की घोषणा की। इसके तहत शुक्रवार सुबह सात बजे से चकसहदरिया बूथ संख्या 144 पर फिर से मतदान करवाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से यहां एसडीएम मेंहनगर बाबूलाल, सीओ सगड़ी नंदकुमार ओझा, एसओ तरवां छत्रजीत सिंह के अलावा भारी संख्या में पुलिस और आरएफएस के जवान तैनात रहे।
यहां कुल 651 वोटर हैं लेकिन सुबह उनमें कोई खास उत्साह नहीं रहा। इस पर एसडीएम और सीओ गांव में गए और वोटरों को निर्भीक होकर वोट डालने की बात कहते हुए प्रेरित किया। इसके बाद लोग घरों से बाहर निकले और बूथ पर पहुंचे। शाम 4.30 बजे तक कुल 65.28 प्रतिशत मतदान हुआ। शांति पूर्वक चुनाव होने के बाद मतपेटिका स्ट्रांग रूम में रखवा दी गई। एसडीएम मेंहनगर बाबूलाल ने बताया कि चुनाव शांति पूर्वक संपन्न हो गया।