आजमगढ़। दिल्ली से आजमगढ़ आने ने वाली जिले की लाइफ लाइन कैफियात एक्सप्रेस का पहिया जाम होने से बेलइसा के पास पूरी बोगी में धुआं फैल गया। इसके चलते यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। ट्रेन रोक कर खराबी को दूर किया गया। इसके बाद ट्रेन आगे की ओर रवाना हुई। वहीं, इस संबंध में आरपीएफ और रेल अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने इस प्रकार की घटना होने से इंकार करते हुए इसे अफवाह बताया।
दिल्ली से आजमगढ़ तक आने वाली कैफियात एक्सप्रेस (12226) बुधवार को चार घंटे विलंब से चल रही थी। रानी की सराय से ट्रेन आजमगढ़ के लिए बढ़ी तो बेलइसा के पास बोगी संख्या एस-3 का पहिया जाम होने के चलते पूरी बोगी में धुंआ फैलने लगा। यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। दिल्ली से आ रहे रमेश कुमार और महेंद्र ने बताया कि आरपीएफ के जवान और गार्ड ब्रेक में बैठे स्टाफ़ ने ड्राइवर को सूचना दी। ट्रेन को रोक ब्रेक बाइंडिंग को ठीक किया तब जाकर कैफियात आजमगढ़ के लिए रवाना हुई। गार्ड और ड्राइवर की सूझबूझ से संभावित हादसा टल गया। वहीं, इस संबंध में आरपीएफ प्रभारी ओपी तिवारी से बात की गई तो उन्होंने इसे अफवाह बताया। कहा कि किसी यात्री ने कंट्रोल की सूचना दे दी थी उसे हार्ट अटैक हो रहा है। इसलिए ट्रेन रोकी गई थी। वहीं, रेल यातायात निरीक्षक अरुण यादव ने बताया कि ऐसी कोएई जानकारी नहीं है। यदि ऐसी घटना होती जानकारी मिली होती।