आजमगढ़। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को एयरपोर्ट पर रोके जाने से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कई जगहों पर सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका। पार्टी कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर उतरे सपाईयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। पुलिस माहौल शांत हो जाने के बाद दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के लिए उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को कार्यक्रम में जाने से रोक लगाकर प्रदेश सरकार ने जो काम किया है, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। सरकार लोकतंत्र का गला घोंटने पर आमादा है और जनभावनाओं का दमन कर रही है। सरकार के इस फैसले से नाराज सपा कार्यकर्ता ना केवल शहर बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह मुख्यमंत्री और पुलिस वालों के विरोध में नारेबाजी की। सठियांव बाजार में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा और बसपा के कार्यकर्ताओं ने सीएम का पुतला फूंका। जबकि मेंहनगर बाजार में सपा नेता हंसराज यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कस्बे में सड़क जाम कर विरोध जताया।
अतरौलिया क्षेत्र में सपा नेता चंद्रशेखर यादव के नेतृत्व में सपाईयों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में सपा के लोग पूर्व विधायक बेचई सरोज के नेतृत्व में ठेकमा बाजार में ब्लाक के सामने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम अखिलेश यादव का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया। जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने वालों में पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव, अभय नरायन पटेल, वेदप्रकाश यादव, बालगंगा यादव, आशीर्वाद यादव, शिशुपाल सिंह, आमिर, शैलेंद्र यादव आदि शामिल रहे। उधर पार्टी कार्यालय पर पुतला फूंकने से रोकने के दौरान कोतवाली में तैनात सिपाही प्रभाकर की वर्दी में आग लग गई। हालांकि जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया और वो बाल बाल बच गया। उधर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और अतरौलिया विधायक डॉ. संग्राम यादव पर प्रयागराज में हुए लाठीचार्ज के विरोध में भी छात्रों ने प्रयागराज पुलिस का पुतला फूंका। छात्रनेता लालजीत यादव व आकाश सिन्हा के नेतृत्व आशुतोष चौहान, अवनीश यादव, नीरज कुमार, रामदीन यादव, शिवम राज आदि विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे।