आजमगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती को 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान कृषि विभाग की ओर से गोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन कर किसानों को जानकारी दी जाएगी और प्रगतिशील किसानों 32 किसानों को सम्मानित किया जाएगा। किसान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती को प्रति वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष में प्रदेश सरकार की ओर से जयंती को 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त कृषि उत्पादन डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उप कृषि निदेशक डॉ. आरके मौर्य ने बताया कि 23 दिसंबर को किसान सम्मान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान कृषि और उद्यान विभाग की ओर से गोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। स्टालों के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कृषि, उद्यान, गन्ना और पशुपालन विभाग से प्रगतिशील एवं उत्कृष्ठ कार्य करने वाले 32 किसानों को चुना जाएगा और इनका सम्मान किया जाएगा। शासन की ओर से किसान सम्मान समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के शामिल होने की बात भी कही गई है। उप कृषि निदेशक डॉ. आरके मौर्य ने बताया कि समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। किसानों का चयन किया जा रहा है।