आजमगढ़। खेलो इंडिया योजना के तहत युवा कल्याण विभाग की ओर से जनपद में तीन नए और अत्याधुनिक स्टेडियम का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया था। इसे राज्य सरकार से मंजूरी मिल गई है। अब डीपीआर को केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। वहां से मंजूरी के धनराशि जारी की जाएगी।
केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत जनपद के तीन स्टेडियमों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से पल्हना ब्लाक के परसौली, रानी की सराय के गंभीरवन और मेंहनगर के घिनहापुर में युवा कल्याण विभाग को एक-एक एकड़ से ज्यादा जमीन भी दी गई थी। इसमें पल्हना ब्लाक के परसौली में 304.54 लाख से स्टेडियम का प्रस्ताव बनाया गया था। इस धनराशि से यहां पर मल्टीपर्पज हाल, एथलेटिक्स ट्रैक, बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम बनना था। रानी की सराय के गंभीरवन में 417.67 लाख से मल्टीपर्पज हाल, 400 मीटर का सेंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, पानी की टंकी, बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम बनना था। मेंहनगर के घिनहापुर में 120.10 लाख से फुटबाल ग्राउंड, नार्मल रनिंग ट्रैक, बाउंड्रीवाल और गार्ड रूम बनना था जाना था। परसौली और गंभीरवन में बनने वाले मल्टीपर्पज हॉल में सभी प्रमुख इंडोर गेम की सुविधा होगी। इसमें एथलेटिक्स, कुश्ती, वालीबाल कोर्ट, भरत्तोलन और कबड्डी के लिए भी कोर्ट होगा। हैंडबाल और बैडमिंटन जैसी खेलों की सुविधाएं भी होंगी।
इस प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। जिला युवा कल्याण अधिकारी राजनेति सिंह ने बताया कि इन प्रस्तावों को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। अब ये स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार के पास गई है। केंद्र सरकार की मुहर लगने के बाद भी अगला कार्य शुरू होगा।