आजमगढ़। राष्ट्रीय लोकदल के तत्वावधान में बुधवार को सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ कलेक्ट्रेट स्थित रिक्शा स्टैंट में ‘हल्ला बोल, पोल खोल’ धरने का आयोजन जिलाध्यक्ष महमूद खान की अध्यक्षता में किया गया। धरने को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली का मूल्य बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ दी। बिजली उपभोक्ताओं के लिए अलग से थाने बनाने की बात करने वाली सरकार की नीतियां किसान विरोधी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि बीपीएल कार्डधारकों को बिजली मुफ्त देंगे वही दूसरी तरफ उनको बिजली का बिल भेजवा रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष डा. सुरेश यादव ने कहा कि किसानों के खरीफ की फसल के समय धान रोपने का काम हो रहा है, ऐसे समय में भी नहरों में पानी नहीं आ रहा है। सरकारी ट्यूबवेल भी बंद पड़े हुए है। इस मौके पर पतिराम यादव, राममिलन चौहान, शीला भारती, टीएन शास्त्री, मोहम्मद शाबिर, डा. दिलीप सिंह, राम सिंह यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।