जहानागंज। विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी क्षमाशंकर पांडेय ने बुधवार को जहानागंज विकास खंड के कई परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुपस्थित मिलने पर नौ अध्यापक, तीन अनुदेशक और तीन शिक्षामित्रों के वेतन रोकने की संस्तुति की।
खंड शिक्षा अधिकारी जब प्राथमिक विद्यालय अभिलासन पर सवा नौ बजे पहुंचे तो विद्यालय बंद मिला। विद्यालय बंद मिलने पर उन्होंने सभी स्टाफ को नोटिस जारी करते हुए जवाब देने का निर्देश दिया और कहा कि नोटिस का जवाब न देने पर वेतन रुकेगा। प्राथमिक विद्यालय भूपतिपुर के निरीक्षण में प्रीति सिंह और तपस्वीन परवीन अनुपस्थित पाई गई। उनको नोटिस जारी करते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया। प्राथमिक टिसौरा पर तन्जीम बानो अनुपस्थित मिली। खंड शिक्षा अधिकारी ने उनका वेतन रोका। पूर्व माध्यमिक विद्यालय टिसौरा पर स्वेटर न बंटने पर प्रधानाध्यापक को चेतावनी दी। सवा बारह बजे वह प्राथमिक भागवत और जूनियर विद्यालय भागवत पर पहुंचे। जहां विद्यालय बन्द पाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी क्षमाशंकर पांडेय ने प्राथमिक भागवत के प्रधानाध्यापक जयनाथ यादव, सहायक अध्यापक सुषमा कुमारी, तीन शिक्षामित्र और जूनियर विद्यालय भागवत के प्रधानाध्यापक रामशकल यादव, सहायक अध्यापक दुर्गावती देवी, विद्यावती, महिमा श्रीवास्तव और तीन अनुदेशकों को नोटिस जारी कर वेतन रूकने की संस्तुति की। इस प्रकार कुल 11अध्यापक और चार शिक्षामित्र तथा तीन अनुदेशक पर कार्रवाई हुई।
अध्यापकों को दिया जा रहा अंग्रेजी भाषा का प्रशिक्षण
सगड़ी। तहसील क्षेत्र के ब्लाक संसाधन केंद्र अजमतगढ़ पर चार दिवसीय अंग्रेजी भाषा कौशल विकास प्रशिक्षण चलाया जा रहा है। जिसके तहत बुधवार को 65 अध्यापकों ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया है।
प्रशिक्षण 29 जनवरी से एक फरवरी तक चलाया जाना है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं में अंग्रेजी भाषा दक्षता, गुणवत्ता लाना और भाषा को सरल बनाना है। जिससे छात्र-छात्राएं आसानी से अंग्रेजी भाषा में दक्ष हो सकें और अंग्रेजी भाषा को रुचिकर, सरल और छात्रों के पहुंचा स्तर को प्राप्त किया जा सके। यह प्रशिक्षण त्रिभाषा के तहत दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के तीसरे दिन खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और कहा कि जो भी अध्यापक अनुपस्थित पाए जाएंगे उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण में एजाज राशिद, मोनिका कुशवाहा, गुफरान रशीद, नवीन जलाल, सतीश कुमार द्वारा अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस मौके पर रामकरन राम, कमलनयन यादव, अनिल मिश्रा, किरण सिंह पटेल आदि उपस्थित थे। ब्यूरो