आजमगढ़। प्रदेश सरकार द्वारा यूपी दिवस मनाने के निर्णय के अनुसार बुधवार को सिधारी स्थित राहुल प्रेक्षागृह में यूपी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा सांसद नीलम सोनकर द्वारा 282 लाख रुपये की लागत से निर्मित विद्युत उपकेंद्र सहदेव का लोकार्पण और किसान कल्याण केंद्र हरैया का शिलान्यास किया गया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर निजामाबाद के ब्लैक पाटरी और मुबारकपुर की साड़ियों की प्रदर्शनी के साथ ही एलईडी वीडियो वैन के माध्यम से शासन के योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सांसद नीलम सोनकर ने आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया है। यह कार्यक्रम प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहरों और परंपराओं को बढ़ावा देने में विशेष रूप से कारगर सिद्ध होगा। सरकार जनहित में निरंतर कार्य कर रही है। निजामाबाद के ब्लैक पॉटरी और मुबाकरपुर के साड़ी उद्योग को और विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास उनके द्वारा किया जा रहा है। ब्लैक पॉटरी को प्रोत्साहन देने के लिए 2संबंधित मंत्रालय द्वारा लगभग डेढ़ करोड़ से ज्यादा की धनराशि दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि शिब्ली कालेज की लाइब्रेरी भी जनपद की धरोहर है। जहां बहुत अच्छी और पुरानी पुस्तकें उपलब्ध हैं। इसकों और विकसित करने की कोशिश की जा रही है। मंडलायुक्त के रविंद्र नायक ने कहा कि उप्र दिवस को पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के मनाया गया है। इस दिवस पर खेल, शिक्षा, कला क्षेत्र के अग्रणी लोगों को रोलमाडल के रूप में पेश किया जाए ताकि वे वर्तमान के साथ-साथ अगली पीढ़ी के लिए प्रेरणादाई हों। कार्यक्रम के संयोजक जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने सांसद, मंडलायुक्त सहित उपस्थित सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि शासन के निर्देश पर यूपी दिवस का अयोजन किया गया है। यह दिन विशेष इसलिए होता है कि यहां के नागरिक अपनी संस्कृति और परंपरा के बारे में विस्तार से जानने के अलावा आगामी योजनाओं को भी इस दिन जानने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही यहां की सांस्कृतिक धरोहर से पहचान कराने का भी प्रयास होता है इसके साथ ही युवा वर्ग को विकास में शामिल किए जाने का प्रयत्न होता है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के विशिष्ट जनों की एक कमेटी बनायी जाएगी और उसकी बैठक प्रत्येक माह की जाएगी और विकास पर विस्तृत रूप से चर्चा होगी। अंत में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कन्हैया सिंह साहित्यकार, दीनानाथ लाल श्रीवास्तव, विजेंद्र सिंह, संत प्रसाद अग्रवाल, पदमाकर लाल, राम मूरत सिंह, प्रवीण सिंह, रामाधीन सिंह, डा. माधुरी सिंह, वंदना सिंह, पूर्व पालिकाध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल आदि उपस्थित थे।
होमगार्ड ने निकाली प्रभातफेरी
आजमगढ़। यूपी दिवस के अवसर पर होमगार्ड संगठन की ओर से बुधवार को नगर में प्रभात फेरी निकाली गई। जो पुलिस लाइन परिसर से निकलकर, नगर पालिका चौराहा, पदमालय चौराहा, दिवानी कचहरी, चर्च चौराहा से वापस पुलिस लाइन पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में साफ-सफाई की गई। इस मौके पर मंडलीय कमांडेंट होमगार्ड रणजीत सिंह, जिला कमांडेंट होमगार्ड डीएन सिंह, बीओ अखंड प्रताप सिंह, हवलदार प्रशिक्षक भीम सिंह, सुरेश कुमार सिंह, प्रेमचंद्र यादव, रामनयन आदि उपस्थित थे।