आजमगढ़। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की बैठक शुक्रवार को कुंवर सिंह उद्यान में हुई। बैठक में पुनर्विचार याचिका व मानदेय भुगतान के मुद्दे पर चर्चा की गई। बजट होने के बाद भी मानदेय का भुगतान न किए जाने पर आक्रोश जताया गया।
मंडलीय अध्यक्ष अनिल कुमार यादव ने कहा कि संगठन ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के खिलाफ पुनर्विचार याचिका दायर की है, जिस पर जल्द सुनवाई होगी और हमें न्याय अवश्य मिलेगा। संगठन पुनर्विचार याचिका की पैरवी के लिए वरिष्ठ वकीलों को लगाएगी। जय कुमार सिंह ने कहा कि बजट होने के बाद भी शिक्षामित्रों का मानदेय तीन से पांच माह से बकाया चल रहा है। जिसके चलते शिक्षामित्रों की स्थिति काफी दयनीय हो गई है। शिक्षा विभाग के लोग अब शिक्षामित्रों के मानदेय का भुगतान समय से न कर के परेशान कर रहे है। जल्द मानदेय का भुगतान रेगुलर न किए जाने पर आंदोलन करने को संगठन बाध्य होगा। संजय यादव ने कहा कि जिले के सभी शिक्षामित्र धैर्य व संयम बनाए रखें। संगठन सुरक्षित व सम्मानजनक भविष्य के लिए लगातार प्रयासरत है। बैठक में रामअवतार बिन्द, मनीष राय, राकेश यादव, उमेश यादव, विद्याभूषण यादव, उमाशंकर, अमरजीत, तहसीलदार, आरएन यादव, सतीश चौहान, साकेत पाठक, राजकुमार यादव, बाबूलाल, सर्वेश, इंद्रजीत सिंह, श्यामकन्हैया, प्रतिमा राय, अनीता आदि मौजूद रहे।