आमजगढ़। जिले के 13 निकायों में अध्यक्ष पद के 113 प्रत्याशियों ने अपनी जमानत जब्त करा ली है। अब ये धनराशि शासन के खजाने की शोभा बढ़ाएगी। अध्यक्ष पद से 13 निकायों में 139 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे, जिसमें 26 उम्मीदवार ही जमानत बचाने में सफल हो सके हैं। जमानत गंवाने वालों में भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस जैसी पार्टियों के सिपाही भी हैं।
चुनाव में पड़े वैध मतों का कुल 20 फीसदी से कम मत पाने वाले प्रत्याशियों की जमानत जब्त कर ली जाती है। इस दायरे में कई प्रत्याशी आए हैं। आजमगढ. पालिका में 20 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें सपा, बसपा, भाजपा, कांग्रेस समेत 19 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। मुबारकपुर में 12 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें भाजपा, कांग्रेस आप समेत 9 प्रत्याशियों ने जमानत गवां दी है। माहुल में 18 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा, सपा, बसपा समेत 17 की जमानत जब्त हो गई है। महाराजगंज के छह उम्मीदवारों में तीन की और अतरौलिया के छह उम्मीदवारों में चार की जमानत जब्त हुई है। फूलपुर के 10 प्रत्याशियों में कांग्रेस, आपस, बसपा समेत आठ की, सरायमीर के आठ उम्मीदवारों में बसपा, सपा, कांग्रेस समेत पांच की जमानत जब्त हुई है। लालगंज के छह उम्मीदवारों में बसपा समेत तीन, जयनपुर के 13 में बसपा, सपा, भाजपा समेत 12 की जमानत जब्त हुई है। अजमतगढ़ के पांच उम्मीदवारों में तीन, मेहनगर के 10 में बसपा और भाजपा समेत नौ की जमानत जबत हुई है। बिलरियागंज के 11 उम्मीदवारों में नौ और निजामाबाद के 14 में 12 उम्मीदवारों ने जमानत गंवाई है। 13 निकायों में 139 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे, जिसमें 26 उम्मीदवार ही जमानत बचाने में सफल हो सके हैं।