आजमगढ़। अनियमित कटौती के विरोध में शुक्रवार को मुबारकपुर के लोगों ने मुबारकपुर विकास मंच के बैनर तले प्रमुख सचिव ऊर्जा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने वाले मंच के अध्यक्ष हुमायूं कबीर अजीजी ने बताया कि मुबारकपुर कस्बा बुनकर बाहुल्य क्षेत्र है, यहां के नागरिकों की आजीविका और विकास हैंडलूम और पावरलूम पर निर्भर है। उसी से बुनकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लेकिन विगत कुछ माह से मुबारकपुर में अघोषित कटौती से बुनाई का कार्य प्रभावित है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी कोई समय निर्धारित नहीं है। वहीं लो-वोल्टेज के कारण कोई कार्य नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतर आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रमुख सचिव ऊर्जा से बकरीद को ध्यान में रखते हुए नियमित विद्युत आपूर्ति किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान गौहर अली, नौशाद आलम, मो. कासिम, इफ्तेखार अहमद, शैलेश गुप्ता, संतोष कुमार, इश्तेयाक अजीजी आदि मौजूद रहे।
प्रमुख सचिव ऊर्जा के आगमन पर हांफते रहे अधिकारी
अतरौलिया। प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार के शनिवार को अतरौलिया क्षेत्र में आगमन को लेकर शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन हांफता नजर आया। जगह-जगह हुए अतिक्रमण को हटवाया गया। साथ ही कैंप लगाकर लोगों को कनेक्शन दिया गया।
बता दें कि प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार दो दिवसीय दौरे पर जिले में आए हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने जिला मुख्यालय पर विकास कार्यो की समीक्षा के साथ ही कई जगह निरीक्षण किया। इस क्रम में शनिवार को प्रमुख सचिव ऊर्जा आलोक कुमार सुबह साढ़े नौ बजे जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद सवा ग्यारह बजे विकास खंड कोयलसा के कार्यालय का निरीक्षण करने जाएंगे। प्रमुख सचिव ऊर्जा के कोयलसा आने की सूचना पर शुक्रवार को अतरौलिया में अधिकारी और कर्मचारी हांफते नजर आए। जगह-जगह हुए अतिक्रमण को उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर, तहसीलदार सहित पुलिस ने आनन-फानन में हटवाया। साथ ही निर्देश दिया कि यदि दुबारा अतिक्रमण मिला तो सख्त कार्यवाई की जाएगी। इसी क्रम में विद्युत विभाग के एसडीओ चंद्रेश उपाध्याय के नेतृत्व में शिविर लगाकर 48 घरेलू तथा पांच कामर्सियल कनेक्शन दिया गया।