आजमगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत जिले में 528 नई स्वास्थ्य सखियों की तैनाती की जाएगी। इससे पहले जिले में लगभग 600 स्वास्थ्य सखियां कार्यरत हैं, इनके बेहतर प्रदर्शन और ग्रामीणों के बीच बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए उनकी संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
नई स्वास्थ्य सखियों के चयन की प्रक्रिया स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पूरी की जाएगी। चयनित महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण देकर गांवों में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण की पहचान तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
गांवों में गठित स्वयं सहायता समूहों में से 528 महिलाओं को स्वास्थ्य सखी के रूप में तैनात किया जाना है। जिले में पहले से ही 600 स्वास्थ्य सखी तैनात हैं। इनकी तैनाती ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को गति मिलेगी।- सच्चिदानंद सिंह, मिशन प्रबंधक एनआरएलएम।