आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर जनपद को जोड़ने के लिए बन रहे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन खरीद को शासन की ओर से जनपद को 52 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके साथ ही गोरखपुर के लिए 70 करोड़, अंबेडकरनगर के लिए 152.88 करोड जारी किए गए हैं।
यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने निर्देशित किया है कि एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए इन जिलों के किसानों से ली गई जमीन का भुगतान एक माह के भीतर करना सुनिश्चित करें। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। परियोजना को क्रियान्वयन दो पैकेजों में कराया जा रहा है। 67.97 प्रतिशत क्लीयरिंग और ग्रबिंग तथा 13.22 प्रतिशत मिट्टी भराई का कार्य पूर्ण हो चुका है। एक्सप्रेसवे गोरखपुर में बाईपास एनएच-27 स्थित जैतपुर के पास से प्रारम्भ होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ में समाप्त होगा। एक्सप्रेसवे की लम्बाई 91.352 किमी है। एक्सप्रेसवे से जनपद गोरखपुर, अम्बेडकर नगर, संत कबीरनगर, आजमगढ़ लाभान्वित होंगे। एक्सप्रेस-वे चार लेन का बनाया जा रहा है इसे छह लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।