आजमगढ़। पाकिस्तानी सेना द्वारा पकड़े गए विंग कमांडर अभिनंदन की सलामती की दुआ मांगने वाले युवाओं ने शुक्रवार को उनके वापस आने पर खुशी से झूम उठे। नगर के आराजीबाग क्षेत्र में युवाओं ने जमकर पटाखे फोड़े और नारेबाजी भी की।
बताते चलें कि पाकिस्तान के क्रैश हुए विमान के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन को पाकिस्तान द्वारा पकड़ लिया गया था। इसकी जानकारी होने पर गुरुवार को उप्र अभिभावक महासंघ के नेतृत्व में उनकी सलामती और सकुशल घर वापसी के लिए युवाओं ने रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में हवन और पूजन किया था। वहीं जब शुक्रवार की देर शाम अभिनंदन के बाघा बार्डर से भारत में प्रवेश की सूचना युवाओं को हुई वह खुशी से झूम उठे। इस दौरान युवाओं ने नगर के आराजीबाग में जमकर पटाखे फोड़े। ढ़ोल नगाड़े पर जमकर थिरके और जमकर नारेबाजी की। युवाओं ने कहा कि अभिनंदन हमारे हीरो हैं। भारत की छोटी कार्रवाई से ही पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है। यह देश के शीर्ष नेतृत्व के कृटनीति का दबाव है कि पाकिस्तान ने हमारे वीर सपूत को सकुशल हमें वापस कर दिया।इससे यह स्पष्ट स्पष्ट हो गया कि मोदी है तो सब कुछ है। इस मौके पर अभिभावक महासंघ के सचिव गोविंद दुबे, विवेक अग्रवाल, राकेश मौर्य, बजरंग सिंह, रानू सिंह, राजू सोनकर, अजय राय, डिंपू सिंह, सौरभ सिंह, विवेक पांडेय, ऋषि उपाध्याय, अरुण पांडेय, भाजपा नगर अध्यक्ष विनय गुप्त, भानु प्रताप सिंह, सत्यप्रकाश पांडेय, रूद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित थे।
सुबह से ही टीवी से चिपके रहे लोग
आजमगढ़। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा शुक्रवार को अभिनंदन के छोड़े जाने की घोषणा की गई थी। इस घोषणा के बाद हर कोई यह जानने को उत्सुक था कि उनका हीरो कब आ रहा है। जिसका परिणाम रहा कि सुबह से ही लोग टीवी से चिपके रहे। इसी बीच खबर आई कि पाकिस्तान के किसी समाजसेवी ने अदालत में अभिनंदन को छोड़े जाने के खिलाफ याचिका दायर की है। इसके कारण लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई थी। लोगों को यह डर सताने लगा कि कहीं अभिनंदन की रिहाई न रूक जाए। लेकिन जब टीवी पर अभिनंदन को बाघा बार्डर से भारत में घुसते दिखाया गया तो लोग खुशी से झूम उठे।
सोशल मीडिया पर भी छाए रहे अभिनंदन
आजमगढ़। टीवी के साथ ही लोगों की नजर सोशल मीडिया पर भी जमी हुई थी। सोशल मीडिया पर पूरे दिन लोगों ने तरह के कमेंट किए। कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि मोदी है तो सबकुछ संभव है। यह नया भारत है जो किसी को छेड़गा नहीं और अगर कोई छेड़ेगा तो उसे छोड़ेगा नहीं। बहुत से लोगों ने मोदी की कूटनीति को इसका बहुत बड़ा कारण बताया। वहीं कुछ लोग इसका श्रेय मोदी को देने से बचते रहे। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर कमेटबाजी का दौर चलता रहा। लेकिन जब अभिनंदन घर वापस आया तो हर कोई खुशी से झूम उठा।
एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का किया इजहार
आजमगढ़। मिशन कालेज आफ नर्सिंग के प्रांगण में शुक्रवार को विंग कमांडर अभिनंदन के पाकिस्तान से वापस आने की खुशी में नर्सिंग के छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। डा. अशोक सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि कुशल नेतृत्व के कारण पाकिस्तान को झुकना पड़ा और वह मजबूर होकर हमार विंग कमांडर को वापस कर दिया। उन्होंने कहा कि जब यह खबर आई कि विंग कमांडर बाधा बार्डर से भारत की सीमा में आ चुके है तो खुशी का माहौल छा गया। इस अवसर संदीप सिंह सोनू्र, नर्सिंग के छात्र-छात्रा, अध्यापकगण सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।