पल्हनी। अनाधिकृत व्यक्ति से कक्ष निरीक्षण कराने के मामले में जेडी ने केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ नकल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने के लिए मुबारकपुर थाने पर तहरीर दी है। जेडी की इस कार्रवाई से केंद्र व्यवस्थापकों में हड़कंप मच गया है।
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 7 फरवरी को संयुक्त शिक्षा निदेशक अनारपति वर्मा ने मुबारकपुर कस्बा स्थित मुबारकपुर इंटर कालेज का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान परीक्षा केंद्र पर शिवा चौहान नाम का अनाधिकृत व्यक्ति कक्ष निरीक्षण का कार्य करते हुए पाया गया था। उसके पास मोबाइल भी मिला था जो ऑन था। मोबाइल जब्त कर लिया गया था। पूछताछ में केंद्र व्यवस्थापक मरगूब अब्बास ने शिवा चौहान का कक्ष निरीक्षण का परिचय पत्र बनाने के लिए डीआईओएस कार्यालय को डॉक्यूमेंट भेजने की बात कहीं थी। इस पर जेडी ने डीआईओएस कार्यालय से आख्या मांगी थी। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक द्वारा शिवा चौहान का परिचय पत्र बनाने के लिए किसी भी प्रकार के डॉक्यूमेंट मिलने से इंकार किया। इसके साथ ही डीआईओएस कार्यालय से इस विद्यालय के लिए जिन लोगों के परिचय पत्र जारी किए गए उनकी सूची भी प्रस्तुत कर दी गई। डीआईओएस की आख्या के बाद जेडी ने एसओ मुबारकपुर को केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ नकल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की तहरीर दी। हालांकि एसओ मुबारकपुर ने तहरीर मिलने और कोई मुकदमा दर्ज किए जाने से इंकार किया है।
पल्हनी। संयुक्त शिक्षा निदेशक एपी वर्मा ने मंगलवार को यूपी बोर्ड की दोनों पालियों में 10 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक विद्यालय में तीन और एक विद्यालय में एक विषय संबंधी शिक्षक ड्यूटी करते मिले जिसे उन्होंने कार्यमुक्त कर दिया। साथ ही उन दोनों की परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
जेडी ने मंगलवार को डा. भीमराव अंबेडकर इंटर कालेज आहोपट्टी, आजाद मेमोरियल इंटर कालेज हाफिजपुर, विद्या इंटर कालेज हाफिजपुर, श्री रामकृष्ण विद्या मंदिर इंटर कालेज चांदपुर पटवध, श्री हरिश्चंद्र इंटर कालेज आजमपुर, एसकेपी इंटर कालेज, शिब्ली नेशनल इंटर कालेज, श्री दुर्गाजी इंटर कालेज चंडेश्वर, श्री बालवर ग्रामीण इंटर कालेज करनपुर और स्व. जीउत बंधन इंटर कालेज कुशरना का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में डा. भीमराव अंबेडकर इंटर कालेज आहोपट्टी में कक्ष निरीक्षक शांति यादव, मनशीला और गुंजा यादव अलग-अलग कमरों में ड्यूटी करते हुए मिलीं। जांच में पाया गया कि शांति देवी गृहविज्ञान, मनशीला मनोविज्ञान और गुंजा यादव गृहविज्ञान की शिक्षिका हैं। इन तीनों ने ही हिंदी विषय में स्नातक किया है। इस पर तीनों को कार्य मुक्त करते हुए केंद्र व्यवस्थापक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा। आजाद मेमोरियल इंटर कालेज हाफिजपुर में सहायक अध्यापक सत्यनारायण कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किए गए थे। जांच में जिस विषय की परीक्षा थी वह उसी के शिक्षक निकले। उन्हें कार्यमुक्त करते हुए केंद्र व्यवस्थापक से स्पष्टीकरण देने को कहा। वहीं रिजेक्ट उत्तर पुस्तिकाओं की सूचना जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को न देने पर भी केंद्र व्यवस्थापक को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जबकि सभी परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की संख्या कम मिली। इसके लिए उन्होंने डीआईओएस को निर्देशित किया।