आजमगढ़। पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों को अनुदानित दर पर छोटे कृषि यंत्र चारा काटने वाली मशीन, ड्रम सीडर, हैंड विनोइंग फैन और कृषि रक्षा उपकरण स्प्रेयर, फुट स्प्रेयर, बैट्री एवं पावर चालित स्प्रेयर उपलब्ध कराने के उद्देश्य सेे सबी ब्लाकों के कृषि बीज भंडारों पर स्टाल लगाया जाएगा। इसके लिए बीज भंडारों पर चार से आठ फरवरी तक यंत्र मेले का आयोजन किया जाएगा। उप कृषि निदेशक डॉ. आरके मौर्य ने बताया कि लक्ष्य के अनुसार बिना प्रतीक्षा मौके पर ही पहले-आओ पहले-पाओ के सिद्धान्त पर किसानों को यंत्र दिए जाएंगे। बिक्री की रसीद दो प्रतियों में उपलब्ध कराई जाएगी। एक प्रति किसान विभागीय कार्मिक के पास जमा करेगा। दूसरी प्रति अपने पास रखेगा। मौके पर ही यंत्र खरीदने पर सत्यापन की व्यवस्था की गई है। सत्यापन के बाद डीबीटी के माध्यम से अनुदानित धनराशि किसान के खाते में भेज दी जाएगी। किसानों से अपना बैंक पासबुक, आधार कार्ड और खेत की नकल की छाया प्रति लाने को कहा गया है।