आजमगढ़। सदर तहसील के लारपुर नैठी गांव निवासी रामनयन यादव ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से सरकारी विद्यालय की जमीन पर हुए कब्जे की शिकायत की गई। उन्होंने जिलाधिकारी से उक्त भूमि से कब्जा हटाने की मांग की है। जिलाधिकारी तहसीलदार सदर को कब्जा हटाकर कब्जेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। रामनयन यादव ने जिलाधिकारी को बताया कि नैठी गांव निवासी एक व्यक्ति ने प्रभारी प्रधानाध्यापक रहते हुए प्राइमरी पाठशाला मुबारकपुर की जमीन पर अवैध रूप से निर्माण करा लिया। जिसके लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल की गई। जिस पर तहसील स्तर से बेदखली और जुर्माने की कार्रवाई का आदेश हुआ लेकिन एडीएम प्रशासन द्वारा उस पर रोक लगा दी गई। उक्त व्यक्ति द्वारा नैठी गांव में स्थित नवीन परती की भूमि पर भी कब्जा कर मकान बना लिया गया है। कई बार तहसील और जिला स्तर पर भी शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं उक्त व्यक्ति द्वारा चकमार्ग पर भी कब्जा करने के साथ ही सिकंदरपुर में पुरानी परती की भूमि और चकमार्ग पर कब्जा किया गया है। ग्राम प्रधान द्वारा कई बार शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। रामनयन ने उक्त भूमियों से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को तत्काल कब्जा खाली कराते हुए कब्जेधारी के विरुद्घ एफआईआर दर्ज कराकर अवगत कराने का निर्देश दिया।