आजमगढ़। जिले में स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए विकास भवन में ओडीएफ वार रूम बनाया गया है। जिसमें चार जिला कंसल्टेंट की तैनाती की गई है। लेकिन इनके अनुपस्थित रहने की बार-बार मिल रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ने शनिवार को ओडीएफ वार रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान वार रूम में तैनात चारो जिला कंसल्टेंट नदारत मिले। इस पर उन्होंने डीपीआरओ समेत सभी का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
शासन की मंशा के अनुरूप स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए स्थापित किए गए ओडीएफ वार रूम से सूचनाओं के आदान प्रदान में लापरवाही बरती जा रही है। लगातार शिकायत मिलने पर डीएम शनिवार को विकास भवन जा धमके और सीधे ओडीएफ वार रूम में पहुंच गए। जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। जिसमें जिला कंसल्टेंट अमित सिन्हा, आलोक यादव, वीपी सिंह और शिवम राव अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने डीपीआरओ आनंद प्रकाश समेत समेत चारों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के इस निरीक्षण से पूरे विकास भवन में अफरा तफरी का माहौल रहा।