आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रसार-प्रसार के लिए दीवारों पर वाल राइटिंग कराई जाएगी। स्लोगनों के माध्यम से लोगों को खुले में शौच के दुष्परिणाम के बारे में बताया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक ब्लाक को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा पाकेट चार्ट, हैंडबिल, स्टीकर और पोस्टर के माध्यम से भी जागरूक किया जाएगा।
डीएम की नाराजगी के बाद शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं शामिल स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीणों को लेकर विभाग की ओर से भी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। योजना के तहत ग्रामीणों को मोटीवेट करने के लिए आईईसी के तहत आए लगभग छह करोड़ को सालों से दबाकर रखने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई थी। मामले में प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ डीपीआरओ का जवाब तलब किया गया था। कार्रवाई के बाद जिला पंचायती राज विभाग की ओर से भी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से सभी ब्लाकों को एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इससे ब्लाक के गांवों में वाल राइटिंग करा लोगों को खुले में शौच के प्रति जागरूक किया जाएगा। स्लोगनों के माध्यम से इससे होने वाली बीमारियों के प्रति आगाह किया जाएगा। इसके साथ ही वाहनों और घरों पर चिपकाने के लिए स्टीकर और पोस्टर छपवाएं जा रहे हैं। साथ ही पाकेट चार्ट भी वितरित कराया जाएगा। होर्डिंग्स और बैनर आदि के लिए भी टेंडर जारी कर दिए गए हैं।