लालगंज/अंबारी। प्रदेश सरकार ने सड़को को 30 जून तक गड्ढ़ा मुक्त करने का निर्देश दिया था लेकिन जनपद आज भी बहुत सी सड़कें ऐसी हैं जिनकी मरम्मत नहीं हो सकी है। सड़कों में बने बड़े-बड़े गड्ढ़े दुर्घटना का कारण बन गए हैैं। लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर सिनेमाहाल के दक्षिण सड़क में बने बड़े-बड़े गड्ढों ने लोगों का आना जाना दुश्वार कर रखा है। बरसात में तो हालत बद से बदतर हो चुकी है। लालगंज सिनेमाहाल तिराहे के दक्षिण लगभग 100 मीटर सड़क टूट कर पूरी तरह से गड्ढ़े में तब्दील हो चुकी है। गढ्ढ़ों की गहराई एक से डेढ़ फुट तक है। वहीं पर एक प्राइवेट विद्यालय भी चलता है जहां सैकड़ों बच्चे पढ़ने भी आते हैं। कितने तो गिर कर हाथ पैर तुड़वा चुके हैं। कितनी गाड़ियां फंसकर टूट चुकी हैं। गोपाल साहू, हरिकेश सिंह, धनंजय सिंह, भुआल सोनकर, संजय सिंह आदि ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है। अंबारी प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर तहसील के अंबारी स्थित दीदारगंज रोड रेलवे क्रासिंग पर बन रहा सीसी रोड 200 मीटर लापरवाही की वजह से अभी तक नहीं बन पाया। जिसके कारण इस मार्ग पर कई बड़े-बड़े गड्ढ़े बन गए हैं। क्षेत्र के शैलेश सैनी, मारुति उपाध्याय, रविंद्र यादव, प्यारेलाल यादव, महफूज आजमी, मोतिन अहमद, गुलाब चतुर्वेदी, ईश्वरदेव मौर्य, चंद्रभान यादव आदि ने उच्चाधिकारियों से शीघ्र निर्माण पूरा कराने की मांग की है।