आजमगढ़। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जिले की पांच और डीपीआर को शासन से मंजूरी मिल गई है। अब जिले में कुल 1347 शहरी आवास बनाए जाएंगे। इसमें जीयनपुर में 378, बिलरियागंज में 310, निजामाबाद में 257 महाराजगंज में 129 और अजमतगढ़ द्वितीय में 154 आवासों को मंजूरी मिली है। एक डीपीआर में अजमतगढ़ में 119 की पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी। हालांकि अभी कार्यदायी संस्था की ओर से धरातल पर कार्य शुरू नहीं किया गया है।प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत डूडा की ओर से अभी तक छह निकायों की कुल सांत डीपीआर बनाकर भेजी जा चुकी है। छह अन्य पर अभी सर्वे और वौरीफिकेशन आदि का कार्य चल रहा है। इसमें अजमतगढ़ के पहले फेज के एक डीपीआर को कुछ दिनों पहले ही मंजूरी मिली थी। इसमें कुल 119 आवास बनने थे। इसके अलावा डूडा की ओर से जीयनपुर में 378, बिलरियागंज में 310, निजामाबाद में 257 महाराजगंज में 129 और अजमतगढ़ द्वितीय में 154 और मेंहनगर में 74 आवासों की डीपीआर बनाकर राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) को भेजा गया था। इसमें मेंहनगर को छोड़ सभी को स्वीकृति दे दी गई है। सूडा की ओर से सरयू बाबू इंजीनियरिंग रिर्सोस डेवलेपमेंट कंपनी का इसे बनाने के लिए कार्यदायी संस्था तय की गई है। हालांकि अभी इसकी ओर से कोई कार्य शुरू नहीं किया गया है। पीओ डूडा डॉ. महेंद्र प्रसाद ने बताया कि जल्द ही लाभार्थियों से कागजात आदि एकत्र क कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, विभाग की ओर से विभिन्न निकायों की पांच और डीपीआर पर कार्य किया जा रहा है। सर्वे और वैरीफिकेशन का कार्य पूरा होने पर इसे भी मंजूरी के लिए सूडा को भेजा जाएगा।