आजमगढ़। जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत होने वाले आवास निर्माण के माडल और गुणवत्ता की जांच के लिए शुक्रवार को हुडको के एक्सपर्ट की टीम जनपद पहुंची। टीम ने जनपद के दो विकास खंडों के दो गांवों में निर्मित आवासों के माडल और गुणवत्ता की जांच की।
बताते चलें कि जनपद में 2016-17 और 2017-18 में 21110 प्रधानमंत्री आवास निर्मित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके तहत जनपद में लगभग 25 प्रतिशत आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इन आवासों के माडल और गुणवत्ता की जांच के लिए हुडको की टीम जनपद पहुंची। परियोजना निर्देशक दुर्गा दत्त शुक्त के निर्देशन में टीम ने बिलरियागंज ब्लाक छिछोरी और कोयलसा ब्लाक के जलालपुर गांव में बने आवासों की जांच की। टीम ने आवासों के माडल और गुणवत्ता पर संतुष्टि जाहिर की।
000000
आवास आवंटन में गड़बडी का लोगों ने लगाया आरोप
बूढनपुर। विकासखंड कोयलसा के कोठवाजलालपुर गांव में कुल 14 लोगों को प्रधानमंत्री आवास का आवंटन किया गया है। जिसमें मात्र पांच आवासों का निर्माण ही पूरा हुआ है। बाकी आधे अधूरे पड़े हुए हैं। लोगों का आरोप है कि पात्रों को आवास नहीं मिला लेकिन जो लोग अपात्र थे और पैसा दिए उन्हीं को ग्राम प्रधान और कर्मचारियों द्वारा आवास दिया जा रहा है।
00000
गांव की कंचन और मनदेई का आरोप है कि हमारे पास रहने के लिए घर नहीं है लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद भी हमें आवास नहीं दिया जा रहा है। जब हम आवास की मांग करते हैं तो हमसे पैसा मांगा जाता है। मुन्नर ने कहा कि मेरी स्थिति बड़ी दयनीय है। किसी तरह से अपना भरण पोषण कर रहा हूं मुझे आवास मिला है जिसे मैं शीघ्र ही बनवा लूंगा। सावित्री देवी ने कहा कि मुझे सरकार द्वारा मदद मिल जाती तो अपना भी एक आशियाना होता।
0000
ग्राम प्रधान दयाराम ने बताया कि जितने भी आवास आवंटित किए गए हैं शीघ्र ही बना दिए जाएंगे। सरकार द्वारा पूरा धन न मिलने के कारण शौचालय आधे-अधूरे पड़े हैं। बीडीओ विनोद कुमार यादव ने कहा कि ग्रामीणों का आरोप अगर सही है तो इसकी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।