तीन दिवसीय प्रतियोगिता 16 से 18 जून तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसपी डॉ. अनिल कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। एसपी ने कहा कि शूटिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, एकाग्रता, मानसिक संतुलन और आत्म अनुशासन का उत्कृष्ट माध्यम है। ऐसे आयोजन प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों एवं पुलिस कर्मियों सहित 51 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का संचालन एवं प्रशिक्षण द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज की कोच एवं आयोजक महिला कांस्टेबल शिरीना बानो की ओर से किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान एएसपी नगर मधुबन कुमार सिंह, सीओ नगर शुभम तोदी, सीओ सदर आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जिला पुलिस की यह पहल पुलिस परिवार के बच्चों एवं कर्मियों के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं के संवर्धन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर भी मिलेगा।