आजमगढ़। बीएड की फर्जी डिग्री लगाकर नौकरी कर रहे बर्खास्त 10 शिक्षकों से अब राजस्व वसूली की तैयारी शुरू हो गई है। बर्खास्त पांच शिक्षकों से वसूली के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने एक करोड़ 55 लाख की नोटिस जारी किया था। बृहस्पतिवार को दो और शिक्षकों से 50,14,715 रुपये वसूल करने के लिए रिकवरी की नोटिस जारी की है। यह शिक्षक आगरा विश्वविद्यालय के फर्जी बीएड डिग्री पर नौकरी कर रहे थे।
प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी अमरनाथ राय ने बताया कि आगरा विवि के 2005 सत्र के बीएड डिग्री फर्जी थे। इस फर्जी डिग्री के आधार पर कई लोगों ने बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक की नौकरी हासिल कर ली थी। एसआईटी ने जांच की तो जिले में 11 शिक्षक चिह्नित किए गए। इसमें से पांच शिक्षकों को पहले व पांच अन्य को बाद में बर्खास्त किया गया। दो शिक्षकों द्वारा आहरित किए गए वेतन, बोनस, सातवें वेतन के एरियर सहित अन्य देयों सहित लगभग 50,14,715 रुपये की वसूली की जानी है। उन्होंने बताया कि भगवानपुर सरदहा बाजार निवासी गोविंद कुमार से 20,95,962 रुपये और फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी आदित्य कुमार से 29,18,753 रुपये की वसूली की जाएगी।