लाटघाट। थाना रौनापार क्षेत्र के मुजार सुरैना गांव में शनिवार को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में ग्राम प्रधान सहित दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर ग्राम प्रधान धनंजय पटेल और गांव के झारखंडे राम (प्रबंधक) के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें ग्राम प्रधान धनंजय पटेल और शकील घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष से झारखंडे राम, लालू और रीता को चोटें आई हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल झारखंडे राम का इलाज आजमगढ़ सदर अस्पताल में चल रहा है।
ग्राम प्रधान धनंजय पटेल की तहरीर पर रौनापार थाना पुलिस ने झारखंडे राम, बृजभूषण, पंकज, धीरेंद्र कुमार और लालू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।