आजमगढ़। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्ययोजना व कृत कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई। अभिहित अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा 216 नमूनें संग्रहित किए गए, जिनमें से 47 प्रतिशत नमूने फेल पाए गए।
इस आधार पर 104 खाद्य कारोबारियों पर 21,46,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, एक व्यापारी को न्यायिक अदालत द्वारा छह माह की सजा और 1,000 रुपये का अर्थदण्ड भी दिया गया।
अभिहित अधिकारी ने बताया कि एफएसएसएआई की योजना ईट राइट इंडिया इनिशिएटिव के अंतर्गत जनपद के 76 कारोबारियों को 3 से 5 स्टार हाईजीन रेटिंग प्रदान की गई। औषधि निरीक्षक सीमा वर्मा ने औषधि निर्माण इकाइयों के निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने तीन बिंदुओं पर विशेष प्रवर्तन कार्यवाही के निर्देश दिए। जनपद के सभी ब्लॉकों में 3035 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 2452 रसोइयों को खाद्य सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षित किया। जो इसकी जांच कर सकती हैं।
बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुशील मिश्रा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, खाद्य व्यापार मंडल, औषधि संघ के प्रतिनिधिगण एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण उपस्थित रहे।