मेहनाजपुर। थाना क्षेत्र के सिधौना बाजार स्थित देशी शराब की दुकान पर मंगलवार रात धावा बोलकर बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर सेल्समैन से बिक्री के 45 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिधौना बाजार में देशी शराब की दुकान है। हरिश्चंद चौहान पुत्र टुन्नू चौहान निवासी विशम्भरपुर दुकान पर सेल्समैन का काम करता है। मंगलवार रात लगभग 8 बजे दो युवक बाइक से पहुंचे और तमंचा सटाकर काउंटर में रखे सारे रुपये और सेल्समैन की मोबाइल और जेब में रखे पैसे लूट लिए। बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। सेल्समैन ने किसी तरह आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया। दूसरे की मोबाइल से अपने मालिक और पुलिस को सूचित किया। दुकान के अनुज्ञापी चंद्रलाल चौहान पुत्र तिलकधारी चौहान हैं। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की। एसओ सुनील चंद्र तिवारी ने बताया कि मौका मुआयना किया था। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। वहीं घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।