आजमगढ़। 19 ब्लॉकों में 44 एफपीओ गठित हो चुके हैं, जिसमें दो एफपीओ 50 लाख से ऊपर के हैं। उक्त जानकारी उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार ने शुक्रवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान दी। डीएम ने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिया कि गठित 44 एफपीओ की सदस्यवार एवं टर्नओवर के आधार पर सूची उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि गठित एफपीओ को डीजीएफटी (विदेश व्यापार महानिदेशालय) पर पंजीकृत कराएं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की समीक्षा में डीएम ने उप कृषि निदेशक को निर्देश दिया कि उक्त योजना में जो भी शिकायतें प्राप्त हों, उसका तत्काल निस्तारण कराएं एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अभियान चलाकर कृषकों का पंजीकरण कराएं।
जिला उद्यान अधिकारी से कहा कि विभाग द्वारा जितनी भी योजनाएं संचालित हैं, उसका प्रचार-प्रसार कराएं एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म योजना की गत वर्ष, गत माह एवं वर्तमान माह की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को दिलाएं। मत्स्य विभाग की समीक्षा में डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में जो पिछले वर्ष लाभार्थियों को लोन दिए गए हैं, उसका सत्यापन कराए जाने के लिए फाइल प्रस्तुत करें।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जो भी छुट्टा पशु घूम रहे हैं, उनको गौशालाओं में संरक्षित करें एवं पशुओं को ठंड से बचाव के लिए उचित व्यवस्था कर लें तथा जो पशु गौशालाओं में संरक्षित हैं, उन सभी की ईयर टैगिंग हो। पशुपालकों को केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) का अधिक से अधिक लाभ दिलाएं। इस मौके पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, प्रखर कुमार सिंह आईएएस (परीवीक्षाधीन), सीवीओ धर्मेंद्र पांडेय आदि उपस्थित रहे।