आजमगढ़। सीडीओ डीएस उपाध्याय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में लोकसभा चुनाव-2019 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि निर्वाचन के संबंध में जो सूचनाएं मांगी जा रही हैं, उसका निस्तारण करने में लापरवाही न करें। मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन करें। बिजली, पानी, शौचालय या रैम्प की व्यवस्था नहीं होने पर इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। तहसील स्तर पर लेखपालों की बैठक कर मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराएं। वीआईपी मतदाता सूची और कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर उपलब्ध कराएं। कम्युनिकेशन प्लान के अंदर जो भी मोबाइल नंबर दें, वह सही होना चाहिए। क्रिटिकल मतदेय स्थलों का भी चिह्नांकन और वेब कास्टिंग के लिए मतदेय स्थलों का चयन कर सूची उपलब्ध कराएं। सीआरओ अधिकारी हरी शंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गुरु प्रसाद, डीडीसी रमेश चन्द्र यादव, सभी एसडीएम आदि थे।