आजमगढ़। जिले में 31 जनवरी 2019 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सतत पुनरीक्षण कार्यक्रम निरंतर जारी है। सतत पुनरीक्षण में अब तक लगभग 30 हजार आवेदन नाम जोड़ने के प्राप्त हो चुके हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इन नामों को तत्काल फीडिंग करने का निर्देश दिया है। लोकसभा चुनाव 2019 का शंखनाद हो चुका है। पार्टियां अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। उनके द्वारा प्रत्याशियों की सूची जारी कर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। ऐसे में मतदाता सूची से छूटे लोगों के नाम सूची में दर्ज करने का कार्य भी जारी है। बताते चलें कि 31 जनवरी 2019 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ। इस सूची के प्रकाशन के बाद भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करने का कार्य निरंतर जारी है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सतत पुनरीक्षण अभियान निरंतर जारी है। जिसके जरिए आन लाइन और आफ लाइन आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। जनवरी से लेकर अब तक 50 दिनों में जिला निर्वाचन कार्यालय को आन लाइन और आफ लाइन मिलाकर कुल लगभग 30 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। अगर इनके प्रतिदिन का हिसाब लगाया जाए तो एक दिन में कुल 600 आवेदन अब तक प्राप्त हुए हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से अन्य कार्यों पर तो रोक लगा दी गई है लेकिन नाम जोड़ने का कार्य सतत पुनरीक्षण अभियान के जरिए किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी इन आफ लाइन और आनलाइन प्राप्त हो रहे आवेदनों की तत्काल फीडिंग कराने का निर्देश दिया है। ताकि समय रहते छूटे लोगों के नाम को मतदाता सूची में दर्ज किया जा सके।