आजमगढ़। मिशन मोदी अगेन पीएम की जिला कार्यकारिणी का कार्यकर्ता सम्मेेलन मंगलवार को सिधारी स्थित राहुल प्रेक्षागृह में हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास वेदांती ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 चुनाव नहीं एक धर्मयुद्ध है। यह चुनाव राष्ट्रवाद बनाम आतंकवाद का चुनाव है। देश को मोदी की जरूरत है और वह बिना किसी भेदभाव के सबका साथ सबका विकास कर रहे हैं। पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद का अड्डा बनकर रह गया है और भारत विश्व शक्ति बनकर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि राममंदिर अब तक बन गया होता लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा कोई फैसला न दिए जाने के कारण मामला लंबित है। जिस दिन फैसला आ जाएगा भाजपा सरकार 24 घंटे के अंदर कानून बनाकर तुरंत मंदिर का निर्माण करेगी। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रामगोपाल काका, प्रांत अध्यक्ष जितेंद्र पाल, जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, भाजपा नेता अजय सिंह, अमरजीत मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर विजय बहादुर, डॉ. राकेश, भोले त्रिपाठी, डॉ. प्रतिमा सिंह, जिला उपाध्यक्ष गगनकांत दुबे, जिला महामंत्री दुर्गेश सिंह, विश्वजीत सिंह पालीवाल, युवा मोर्चा के जंग बहादुर आदि उपस्थित थे।