आजमगढ़। चुनाव की तिथियों का एलान हो चुका है लेकिन अब तक जिला प्रशासन मतगणना के लिए जगह नहीं तलाश सका है। कई स्थानों को देखने के बाद जिला प्रशासन अब जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर चकवल और बेलइसा स्थित एफसीआई गोदामों को मतगणना केंद्र के रूप में इस्तेमाल करने का मन बना रहा है। इसी के तहत मंगलवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह ने चकबल गोदाम का दौरा किया।
चुनावी शंखनाद होने के बाद जिला प्रशासन भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। जिला प्रशासन के सामने सबसे बड़ी समस्या मतगणना स्थल हो लेकर है। लोकसभा चुनाव 2014 में निर्माणाधीन मंडल कारागार में पर्याप्त जगह मिलने पर जिला प्रशासन ने इसे मतगणना स्थल के रुप में चयनित किया था। यहीं पर लालगंज और आजमगढ़ दोनों लोकसभा क्षेत्रों की मतगणना कराई गई थी। लेकिन जब मंडल कारागार वहां शिफ्ट हो गया तो वहां मतगणना कराना संभव नहीं रह गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने कई स्थान देखे लेकिन कहीं भी बात नहीं बन सकी। नगर से सटे बेलइसा में स्थित एफसीआई गोदाम में जगह कम होने के कारण सिर्फ एक लोकसभा क्षेत्र की ही मतगणना संभव हैं। जिला प्रशासन दूसरे लोकसभा क्षेत्र लालगंज की मतगणना के लिए जगह की तलाश करने में जुटा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन की ओर से सदर तहसील के रानी की सराय विकास खंड के चकवल स्थित एफसीआई के गोदाम को चिह्नित किया गया था। इस पर मुहर लगने से पहले मंगलवार को एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह के साथ एसडीएम सदर पंकज श्रीवास्तव और सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश चंद श्रीवास्तव ने चकबल स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। लेकिन इस पर अंतिम फैसला जिला निर्वाचन अधिकारी को लेना है। वैसे उप जिला निर्वाचन अधिकारी की मानें तो चकवल को मतगणना केंद्र बनाए जाना ही उचित होगा क्योंकि नगर से सटे कहीं भी इतनी जगह है कि मतगणना कराई जा सके।