मुबारकपुर। स्थानीय कस्बा समेत आसपास के क्षेत्र में एक माह से अधिक समय से फैले पीलिया के प्रकोप पर अब तक लगाम नहीं लग सका है। शुक्रवार को पांच की संख्या में नए मरीज सीएचसी पर पहुंचे। इसमें एक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार को पूरा रानी मुहल्ला निवासी 22 वर्षीय जेबा पत्नी जुबैर, 25 वर्षीया होजैफा पुत्री अम्मार अदीबी, पूरा ख्वाजा निवासी 16 वर्षीया मंतशा पुत्री ओबैदुर्रहमान, 30 वर्षीया महजबीं पत्नी शाहिद जमाल व पूरा दिवान मुहल्ला निवासी 9 वर्षीया आमिना खातून पुत्री वकील अहमद बीमारी की हालत में सीएचसी पर पहुंची। सीएचसी पर हुई जांच में सभी में पीलिया के लक्षण पाए गए। इसमें होजैफा की हालत ज्यादा गंभीर मिली। जिस पर सीएचसी प्रशासन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं अन्य मरीजों का इलाज सीएचसी पर ही चल रहा है।
आधा दर्जन स्थानों पर हुई खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग
खाद्य निरीक्षकों की टीम ने शुक्रवार को भी मुबारकपुर कस्बे में चेकिंग अभियान जारी रखा। लगभग आधा दर्जन स्थानों पर टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपलिंग की कार्रवाई की। टीम के चक्रमण के चलते शुक्रवार को भी दिन भर दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।