आजमगढ़। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन परिसर में 10 से 11 बजे तक अधिवक्ताओं का धरना जारी रहा। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह और संचालन मंत्री अजय कुमार सिंह ने किया। धरने में मंडलायुक्त आजमगढ़ के 11 मई के आदेश को अलोकतांत्रिक, अवैधानिक और अव्यवहारिक बताते हुए पुरजोर विरोध किया गया। अजय कुमार सिंह ने कहा कि मंडलायुक्त मनमाने ढंग से वादकारियों को बुलाकर पत्रावली आदेश में सुरक्षित कर ले रहे हैं। बिना बहस सुने अनाप-सनाप आदेश पारित हो रहे हैं। आरोप लगाया कि इससे वादकारियों का काफी नुकसान हो रहा है। 11 जून को संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक सेंट्रल बार एसोसिएशन के सभागार में होगी। इसमें मंडलायुक्त के कार्यों पर विचार किया जाएगा और अगली रणनीति तैयार की जाएगी। धरने को बृजभूषण चौहान, राधेश्याम सिंह, जितेन्द्र सिंह, प्रदीप मिश्र, सुरेन्द्र तिवारी, अभिमन्यु चौहान, आभा श्रीवास्तव, अनुराग सिंह, अवध श्रीवास्तव आदि लोगों ने संबोधित किया।