आजमगढ़। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय चकगोरया पल्हनी के बच्चों का दल रविवार को एक दिवसीय शैक्षकि और सांस्कृतिक यात्रा के लिए वाराणसी और सारनाथ के लिए रवाना हुआ। यात्रा को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सहजानंद राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उप्र भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में अपने पार्टी के पदाधिकारियों को परिषदीय विद्यालय को संरक्षण, विकास करने और उसके माध्यम से विद्यालयों से %स्वच्छ भारत स्वस्थ्य भारत% के रूप में बच्चों को प्रोत्साहित कर समाज के अंदर जागरूकता फैलाने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सहजानंद राय ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय चकगोरया को गोद लिया है। इसी क्रम में बच्चों की शैक्षिक और सांस्कृतिक विकास के लिए उन्होंने उन्हें एक दिवसीय भ्रमण पर भेजने का निर्णय लिया। इसी निर्णय के तहत बच्चों का एक दल रविवार को शिक्षकों के साथ वाराणसी और सारनाथ का भ्रमण करने के लिए रवाना हुआ। बच्चे बनारस पहुंचकर गंगा घाट, रामनगर का किला, लमही और सारनाथ को देखेंगे और इनके बारे में जानकारी हासिल करेंगे। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष ने बच्चों को रास्ते में काम आने वाली सावधानियां और घूमने वाले स्थानों के इतिहास से अवगत कराया। इस मौके पर बृजेश राय, अजय राय, विद्याधर श्रीवास्तव, प्रकाश राय, प्रह्लाद राय आदि उपस्थित थे। यात्रा में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अनिल राय, अरुण राय और विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष लक्ष्मी विश्वकर्मा और राधा गौड़ साथ हैं।