आजमगढ़। बेसिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2020-21 की वार्षिक परीक्षा कराने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस बार जिले के 2702 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 411727 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। परीक्षाएं 25 और 26 मार्च को होंगी। रिजल्ट 31 मार्च को स्कूलों में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की बैठक में घोषित किया जाएगा। रिजल्ट घोषित होने के बाद सभी बच्चों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाएगा। हालांकि विद्यार्थी, अभिभावकों और शिक्षकों में वार्षिक परीक्षा को लेकर असमंजस बना हुआ है।
एक घंटे पूर्व स्कूलों में मिलेगा प्रश्नपत्र का सील पैकेट
जनपद स्तर पर परीक्षाओं के प्रश्न पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मुद्रण एवं वितरण कराया जाएगा। प्रश्न पत्रों के सील्ड पैकेट खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से केंद्रीय संकुल विद्यालय के प्रधानाध्यापक को प्राप्त कराए जाएंगे, जो प्रश्न पत्र को अपनी कस्टडी में रखेंगे। परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पूर्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक को प्रश्न पत्रों के सील्ड पैकेट प्राप्त हो जाएंगे।
कक्षा एक और दो की मौखिक परीक्षा
कक्षा एक और दो के बच्चों के लिए 30 मिनट की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। वहीं कक्षा तीन से पांच तक की प्रत्येक कक्षा के लिए सभी विषयों पर आधारित 50 प्रश्नों के सम्मिलित बहुविकल्पीय प्रश्न पत्र तैयार कराए जाएंगे। एक घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। कक्षा छह से सात तक प्रत्येक कक्षा के लिए सभी विषयों पर आधारित 50 प्रश्नों का सम्मिलित अति लघु उत्तरीय प्रश्न पत्र तैयार कराए जाएंगे डेढ़ घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।
दूसरे विद्यालय के अध्यापक करेंगे मूल्यांकन :
कक्षा तीन से सात तक की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर और कक्षा आठ की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ब्लॉक संसाधन केंद्र पर दूसरे विद्यालय के अध्यापक करेंगे। 31 मार्च को रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
-
शासन से वार्षिक परीक्षा कराने के लिए निर्देश मिल चुका है। हालांकि तैयारियों के लिए समय बहुत कम मिला है। चार दिनों में चार लाख बच्चों का विषयवार प्रश्नपत्र तैयार कर उसे बंडल बनाकर स्कूल में भेजवाया जाना है। इन सभी कार्यों के लिए हमारे पास पर्याप्त समय नहीं है। फिर भी प्रयास जारी है।
अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़।