जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर रोग विशेषज्ञों की भारी कमी बनी हुई है। इसका झोलाछाप और बिना पंजीकरण के अस्पताल खुलकर फायदा उठा रहे हैं। जिले में 29 लाख महिलाएं हैं और 25 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है जिनमें केवल आठ सीएचसी पर ही महिला रोग विशेषज्ञ तैनात हैं।
चिकित्सकों की कमी से न सिर्फ महिलाओं का स्वास्थ्य खतरे में है, बल्कि ग्रामीण जनता को आर्थिक और मानसिक शोषण का भी शिकार होना पड़ रहा है। जिले की करीब 56 लाख जनसंख्या में से लगभग 29 लाख महिलाएं हैं, जिनमें से लगभग 21 से 22 लाख महिलाएं ग्रामीण इलाकों में निवास करती हैं।
इनके उपचार के लिए कुल 25 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं, लेकिन इनमें सिर्फ आठ सीएचसी पर ही एक महिला रोग विशेषज्ञ तैनात है। शेष 17 सीएचसी महिला रोग विशेषज्ञ से वंचित हैं।
वहीं आपरेशन के लिए लोगों को बेहोश करने वाले निश्चतेक चिकित्सकों (एनेस्थिसियोलॉजिस्ट) की जिले में भारी कमी है। जिले की 25 सीएचसी में मात्र पांच निश्चेतक ही है। बाल रोग विशेषज्ञ की स्थिति देखें तो जिले 12 सीएचसी विशेषज्ञ विहीन हैं।
इसी तरह से रेडियोलाजिस्ट से 24, जनरल सर्जन से 23 और जनरल फिजिशियन से 21 सीएचसी विहीन हैं। ऐसे में इन सीएचसी में आने वाले मरीजों को या तो जिले का रूख करना पड़ता है। या झोला छाप चिकित्सकों का सहारा लेना पड़ता है। कुछ को दलाल कमीशन के चक्कर में निजी अस्पतालों में पहुंचा देते हैं।
00
बाहर से चिकित्सक बुलाकर कराते हैं आपरेशन, ऐंठते हैं मोटी रकम
ग्रामीण क्षेत्र की हर बाजार में अवैध रूप से अस्पताल का संचालन हो रहा है। जहां आए दिन प्रसूताओं की मौत होती है। इनमें से कुछ अस्पताल बाहर से डॉक्टर बुलाकर बुलाकर ऑपरेशन कराते हैं तो कुछ खुद ही ऑपरेशन करते हैं। इस दौरान उनके द्वारा मरीजों के तीमारदारों से मोटी रकम वसूलते हैं।
सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थिति
पद स्वीकृति उपलब्धता रिक्त
स्त्री रोग विशेषज्ञ 25 08 17
निश्चेतक 25 05 20
बाल रोग विशेषज्ञ 25 11 14
रेडियो लॉजिस्ट 25 01 24
जनरल सर्जन 25 02 23
जनरल फिजिशियन 25 04 21
चिकित्सकों की कमी के लिए शासन को पत्र भेजकर डिमांड की जाती है। अभी तो मैं आया हूं लेकिन हमसे पूर्व लोगों ने भेजा है। चिकित्सकों के मिलने पर तैनाती कर दी जाएगी। रही बात बिना पंजीकरण के संचालित अस्पतालों की तो जल्द ही एक टीम बनाकर सारे अस्पतालों की जांच कराई जाएगी।
-ननकू राम, सीएमओ।