उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मुंशी, मौलबी, आलिम, कामिल व फाजिल की बोर्ड परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होगी। इसके लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाएं गए हैं। दो पालियों में संपन्न होने वाली परीक्षा की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।
इस बार मदरसा बोर्ड की परीक्षा 13 फरवरी से शुरू हो रही है, जो 21 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाएं गए हैं। दो पालियों में संपन्न होने वाली मदरसा बोर्ड की परीक्षा में 3670 परीक्षार्थी भाग लेंगे। प्रथम पाली में 2047 और द्वितीय पाली में 1623 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हर कमरों में वाइस रिकार्डर लगाए गए हैं। परीक्षा के बाबत विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सभी परीक्षा केंद्रों पर एक केंद्र व्यवस्थापक और एक सहायक केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं।
पांच सचल दस्ता और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
मदरसा बोर्ड की नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इसके अलावा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी की अगुवाई में पांच सचल दस्ता बनाए गए हैं। यह बोर्ड परीक्षा पर पैनी नजर रखेंगे। संवाद
मदरसा बोर्ड की परीक्षा 13 फरवरी से 19 केंद्रों पर शुरू होगी। परीक्षा से संबंधित तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है।10 सेक्टर और पांच सचल दस्ता परीक्षा की निगरानी करेंगे। मदरसा बोर्ड की परीक्षा में 3670 परीक्षार्थी बैठेंगे। - वर्षा अग्रवाल, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।