आजमगढ़। मंदुरी एयरपोर्ट के विस्तार की कवायद शुरू हो चुकी है। सर्वे के लिए क्षेत्रीय लेखपाल के साथ राजस्व कर्मियों की टीम लगाई गई है। जो एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए जरूरी 360 एकड़ जमीन के सर्वे का कार्य शुरू कर चुकी है। जनपद में राज्य विश्वविद्यालय की सौगात देने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ एक और बड़ा तोहफा देने की तैयारी में हैं। जनपद को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और फोरलेन मार्गों से जोड़कर रोड कनेक्टिविटी को मजबूती देने के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद की एयर कनेक्टिविटी को भी मजबूत करने का काम शुरू कर चुके हैं। मंदुरी हवाई पट्टी का विस्तार कर पहले यहां से 32 सीटर प्लेन उड़ाने की योजना थी। लेकिन अब उन्होंने इसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत मंदुरी एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए लिए किसानों से 360 एकड़ जमीन खरीदना है। शासन से मिले निर्देश के अनुसार जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्रीय लेखपालों के साथ राजस्व कर्मियों की टीम को लगाकर सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है। सर्वे का कार्य पूरा होने के बाद किसानों से जमीन की खरीद का काम किया जाएगा। जिसके पूरा होने के बाद मंदुरी एयरपोर्ट के विस्तार का काम शुरू हो जाएगा। मंदुरी एयरपोर्ट के विस्तार के बाद यहां से बड़े शहरों तक पहुंच आसान हो जाएगा। महानगरों तक जाने में लोगों के समय की बचत होगी। साथ ही जनपद में ओडीओपी के तहत चयनित निजामाबाद की ब्लैक पाटरी और मुबारकपुर के रेशमी साड़ी कारोबार को भी पंख लगेंगे, क्योंकि बाहर से आने वाले व्यापारी कम समय में यहां पहुंचकर अपना कार्य कर वापस भी हो सकेंगे। इस मामले में एसडीएम सगड़ी राजीव रतन सिंह ने बताया कि मंदुरी एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 360 एकड़ भूमि की जरूरत है। इसके लिए क्षेत्रीय लेखपाल के साथ राजस्व टीम को लगाकर सर्वे का कार्य शुरू कर दिया गया है।