आजमगढ़। कंधरापुर थाना अंतर्गत हरखुपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर वाराणसी की गुड़िया लेबर संस्था व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बंधक बनाये गये 35 मजदूरों को मुक्त कराया। फिलहाल सभी मुक्त कराये गये मजदूरों को जिला मुख्यालय पर स्थित रैन बसरा पर रखा गया है और उनसे पूछताछ कर लिखा-पढ़ी की कार्रवाई की जा रही है।
हरखुपुर गांव स्थित ईंट भटठे पर तीन माह पूर्व छत्तीसगढ़ प्रांत के मस्तरी कोहरौदा गांव निवासी ननकी राम यादव मजदूरों को लेकर आया था। महिला, पुरूष व बच्चों के साथ कुल 35 लोगों की यह टीम थी। इन मजदूरों को भट्ठा मालिक जहां बंधक बना कर रखा था तो वहीं प्रताड़ित भी करता था। जिससे परेशान हाल होकर इन मजदूरों में शामिल 30 वर्षीय परदेशी पुत्र पुनीराम निवासी लहहनी मस्तूरी छत्तीगढ़ ने इसकी शिकायत वाराणसी स्थित गुड़िया लेबर संस्था से किया और मदद की गुहार लगायी। भट्ठा मजूदर की शिकायत पर गुड़िया संस्था के दो कोआर्डिनेटर संजय व शेखर शुक्रवार को जिले में पहुंचे। दोनों ने डीएम से मुलाकात कर शिकायत के बाबत जानकारी दिया। इस पर डीएम ने एसडीएम सदर, सीओ सिटी की टीम तैयार कर गुड़िया संस्था के कोआर्डिनेटरों के साथ ईंट भट्ठा पर छापेमारी का निर्देश दिया। टीम के मौके पर पहुंचने पर वहां कार्यरत मजदूरों को लाने वाला ठेकेदार ननकी राम फरार हो गया। टीम ने भट्ठे से 35 मजदूरों को छुड़ाया और सभी को लेकर कलेक्ट्रेट क्षेत्र स्थित रैन बसेरा पहुंचा कर ठहराया। यहां मजदूरों से पूछताछ आदि की कवायद की जा रही है। डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. एके मिश्रा, ईओ नगर पालिका शुभनाथ प्रसाद आदि भी रैन बसेरा पहुंच गये और मजदूरों की जांच पड़ताल के साथ ही उनका बयान दर्ज करना शुरू किया।
रैन बसेरा पर मिली दुर्व्यवस्था
आजमगढ़। नगर पालिका प्रशासन द्वारा संचालित रैन बसेरा पर एक साथ 35 भट्ठा मजदूरों के पहुंच जाने पर दुर्व्यवस्था देखने को मिली। न तो मौके पर पर्याप्त मात्रा में रजाई-गद्दा ही मौजूद था न ही अन्य किसी प्रकार के संसाधन ही उपलब्ध थे। जिस पर अधिकारियों ने काफी नाराजगी जतायी और ईओ को मौके पर बुला कर तत्काल जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हमारे पर तीन चार दिनों पूर्व शिकायत आयी थी। शुक्रवार को हम जिले में पहुंचे और डीएम से मिल कर कार्रवाई का अनुरोध किया। डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही पुलिस फोर्स उपलब्ध कराया। जिसके साथ मौके पर पहुंच कर 35 भट्ठा मजदूरों को मुक्त कराया गया। - संजय, कोआर्डिनेटर, गुड़िया लेबर संस्था, वाराणसी।
अभी कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं कराया गया है। श्रम विभाग की टीम मुक्त कराये गये भट्ठा मजदूरों से पूछताछ कर उनके कागजात पूर्ण कराने की कवायद में जुटी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी। - आशाराम, एसडीएम, सदर।