जिला पंचायत सदस्य पद के दूसरे चरण का नामांकन एक अक्तूबर से होगा। बुधवार को पांच विकास खंडों में होने वाले नामांकन के लिए 92 लोगों ने पर्चा खरीदा। इस तरह पांच विकास खंड एवं 21 जिला पंचायत सदस्य सीटों के लिए कुल 343 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा।
अजमतगढ़ ब्लाक की चार सीटों के लिए पहले दिन 14, दूसरे दिन 39 और तीसरे दिन 13 को मिलाकर कुल 66 संभावित प्रत्याशियों ने पर्चा खरीदा। हरैया ब्लाक की चार जिला पंचायत सीटों के लिए पहले दिन 10, दूसरे दिन 30 और तीसरे दिन 18 सहित कुल 58 संभावित उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिया।
बिलरियागंज ब्लाक की पांच सीटों के लिए पहले दिन 22, दूसरे दिन 42 और तीसरे दिन 24 सहित कुल 88 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। महराजगंज ब्लाक की चार सीटों के लिए पहले दिन 15, दूसरे दिन 28 और तीसरे दिन 20 को मिलाकर कुल 63 नामांकन पत्र बिके। वहीं, कोयलसा ब्लाक की चार सीटों के लिए पहले दिन 15, दूसरे दिन 36 और तीसरे दिन 17 सहित कुल 68 नामांकन पत्र संभावित प्रत्याशियों ने लिए।
नामांकन पत्रों की जांच में जुटे कर्मचारी : पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए हुए नामांकन पत्रों की जांच का कार्य बुधवार को शुरू हो गया। गुरुवार तक नामांकन पत्रों की जांच कर वैध और अवैध सूची जारी की जाएगी। वहीं, शुक्रवार को नामांकन पत्रों की वापसी होगी। बताते चलें कि दो दिनों तक चले नामांकन में छह ब्लाकों की 24 जिला पंचायत सीटों के लिए कुल 499 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, क्षेत्र पंचायत के 608 पदों के लिए 3596 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।