आजमगढ़। डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत पल्स पोलियो टाक्स फोर्स एवं समन्वय समिति की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि पोलियो अभियान में बूथ कवरेज को ज्यादा से ज्यादा बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अतिसंवेदनशील क्षेत्र जहां पोलियो दवा के लिए प्रतिरोध हो।, वहां अलग से प्रयास करने की जरूरत है। लापरवाह कर्मचारियों को चिह्नित करें। डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि हर क्षेत्र के कोटेदारों को भी इस अभियान में जोड़ा जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि इस बार 6,52,865 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। घर-घर जाने वाली 1,287 टीमें गठित की गई हैं। 2,402 बूथ बनाए गए हैं। 32 मोबाइल टीम बनाई गई है। जो ईंट भट्टे से लेकर घुमंतू जातियों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। 28 बूथ ट्रांजिट बनाए गए हैं जो जनपद के सभी रेलवे व बस स्टेशनों पर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. गणेश नायर ने पोलियो का अपडेट मीजिल्स-रूबेला, मिशन इन्द्रधनुष और नियमित के टीकाकरण के बारे में बताया। डॉ. परवेज, डिप्टी सीएमओ डॉ. एके सिंह, डॉ. मनीष शाह, डीपीओ इफ्तेखार अहमद उपस्थित रहे। सीडीओ डीएस उपाध्याय भी मौजूद रहे।